खबरें शेयर करें -

दर्पण न्यूज 24*7 विशेष रिपोर्ट
संवाददाता – प्रमोद बमेटा, हरिद्वार

🕊️ अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी को श्रद्धांजलि — पत्रकारों ने उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

हरिद्वार। पत्रकारिता के प्रतीक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती के अवसर पर रविवार को नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (NUJ-I) की जिला इकाई हरिद्वार ने गोविंद घाट गंगा तट पर भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेश गुप्ता ने की, जबकि इस अवसर पर पत्रकारों ने विद्यार्थी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके त्याग, साहस और पत्रकारिता के आदर्शों को नमन किया।

प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त पांडे ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी जी ने अपने लेखनी से ब्रिटिश शासन की नींव हिला दी थी। उन्होंने अखबार के माध्यम से जन-जागरण और समाज में समरसता का अलख जगाया। विद्यार्थी जी का जीवन संघर्ष, आदर्श और देशभक्ति की मिसाल है, जिससे हर युवा पत्रकार को प्रेरणा लेनी चाहिए।

प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी जी ने कानपुर दंगों में अपनी शहादत देकर देश में सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि उनकी कलम और कर्म दोनों ने पत्रकारिता को नई दिशा दी।

इस मौके पर रामचंद्र कनौजिया, संदीप रावत, आदेश त्यागी सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी जैसे महापुरुषों के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

📰 – दर्पण न्यूज 247, हरिद्वार से प्रमोद बमेटा की विशेष रिपोर्ट*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *