खबरें शेयर करें -

ग्राम प्रधान–पड़ोसी विवाद में मारपीट, प्रधान गिरफ्तार।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं।

निकटवर्ती मोटाहल्दू क्षेत्र के पदमपुर देवलिया गांव में ग्राम प्रधान और पड़ोसी के बीच हुआ विवाद तूल पकड़ गया। पुलिस ने पड़ोसी महिला की तहरीर पर ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जोशी और उनके घर के सामने रहने वाले एक पूर्व फौजी के बीच घर के बाहर खड़ी कार को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्ष उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे और फिर पुलिस थाने में तहरीर दी गई।
इसी बीच मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर ग्राम प्रधान समेत उनके परिजनों के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
दूसरी ओर ग्राम प्रधान के समर्थन में प्रधान संगठन ने हल्द्वानी में प्रदर्शन कर पुलिस से कार्रवाई की मांग भी की। इसके बावजूद लालकुआं कोतवाली पुलिस ने देर शाम ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जोशी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि महिला पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। साथ ही ग्राम प्रधान की ओर से दी गई तहरीर पर भी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड