खबरें शेयर करें -

गाड़ी हटाने को कहा तो पुलिसिया रौब! चाय दुकानदार को घसीटकर डायल 112 में बैठाने का वीडियो वायरल।

हल्द्वानी। बेस अस्पताल के समीप पुलिसकर्मियों की कथित बदसलूकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि गाड़ी हटाने का अनुरोध करना एक चाय दुकानदार को महंगा पड़ गया और पुलिसकर्मियों ने उसे घसीटते हुए डायल 112 के वाहन में बैठा दिया।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक पुलिसकर्मी ने चाय दुकानदार की दुकान के सामने काली रंग की कार खड़ी कर दी। इससे ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत होने लगी, जिस पर दुकानदार ने वाहन हटाने का अनुरोध किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने दुकानदार से गाली-गलौज की और फिर डायल 112 पर कॉल कर अन्य पुलिसकर्मियों को मौके पर बुला लिया।

सूचना पर पहुंचे एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबलों पर आरोप है कि उन्होंने दुकानदार को ही दोषी ठहराते हुए उसे कॉलर पकड़कर घसीटा और जबरन डायल 112 के वाहन में बैठाकर ले गए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।

वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोग पुलिस के इस रवैये को लेकर सवाल उठा रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

वहीं, पुलिस का पक्ष भी सामने आया है। हल्द्वानी कोतवाल विजय सिंह मेहता का कहना है कि विवाद की शुरुआत दुकानदार द्वारा पुलिसकर्मी को अपशब्द कहने से हुई थी। उन्होंने बताया कि बाद में दुकानदार ने हीरानगर चौकी में माफीनामा भी दिया है।

फिलहाल वायरल वीडियो ने पुलिस और आमजन के रिश्तों पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है, और लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड