खबरें शेयर करें -

कैंची धाम के पास हादसा: गिरते पत्थरों से बचने में महिला शिप्रा नदी में गिरी, घायल—अल्मोड़ा हाईवे पर आधे घंटे जाम !

भवाली। प्रसिद्ध कैंची धाम के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। मेरठ से आए दंपती को बचने का मौका तक नहीं मिला। पत्थरों से बचने की कोशिश में काजल (27) शिप्रा नदी में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति मोहित बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर मेरठ निवासी दंपती बाबा नीब करौरी के दर्शन करने कैंची धाम पहुंचे थे। धाम से थोड़ा आगे वाहन खड़ा कर दोनों पैदल मंदिर की ओर जा रहे थे कि अचानक पहाड़ी से तेज रफ्तार में पत्थर गिरने लगे। इससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं और राहगीरों में अफरातफरी मच गई।

इसी बीच, खुद को बचाने की कोशिश में काजल फिसलकर सीधे शिप्रा नदी में गिर पड़ीं। घटना देख आसपास के ग्रामीण तुरंत नदी में उतरे और घायल महिला को बाहर निकालकर सड़क तक लाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर काजल को भवाली सीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. रमेश ने बताया कि महिला को सिर व शरीर पर चोटें आई हैं।

इधर, गिरते पत्थरों के कारण भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर आधे घंटे से अधिक समय तक जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी किनारों पर सुरक्षात्मक दीवार व नेटिंग लगाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड