खबरें शेयर करें -

नैनीताल घूमने पहुंचे पर्यटकों की XUV700 खाई में गिरी, 7 घायल; चालक की हालत नाज़ुक, SDRF ने रातभर चलाया रेस्क्यू।
दर्पण न्यूज 24*7
हल्द्वानी। नैनीताल के मल्ला रामगढ़ में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब घूमने आए गाज़ियाबाद के सात पर्यटकों की XUV700 (UP14 FK1616) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। रात का अंधेरा और बीच पहाड़ों में गूँजती चीख-पुकार ने हालात को और भी भयावह बना दिया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

पंचवटी बैंड के समीप हुई इस दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। एसडीआरएफ टीम की अगुवाई सब-इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी ने की, जो ड्रैगन लाइट और आवश्यक उपकरणों के साथ खाई में उतरे। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायल पर्यटकों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला।

वाहन में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 14 वर्षीय निष्ठा, 8 वर्षीय शमा, 7 वर्षीय लवीया, नितिन, चालक सचिन, कंचन और 35 वर्षीय रुचि शामिल हैं। इनमें से चालक सचिन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रामगढ़ अस्पताल भेजा गया है।

स्थानीय लोगों की सतर्कता और रेस्क्यू टीम की तेज़ कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड