नाबालिग के साथ मंदिर में पकड़ा गया युवक, लव जिहाद एंगल से मचा हड़कंप।
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी।
हल्द्वानी के समीप स्थित शीतला देवी मंदिर परिसर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक को कथित तौर पर नाम बदलकर नाबालिग हिंदू युवती के साथ पकड़ा गया। मंदिर समिति के सदस्यों ने युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर शक होने पर उसे रोककर पूछताछ की और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मंदिर समिति अध्यक्ष सचिन साह के अनुसार युवक मंदिर परिसर में युवती के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद था। पूछताछ के दौरान युवक की असली पहचान साहिल मोहम्मद के रूप में सामने आई। आरोप है कि उसने युवती से संपर्क बनाने के लिए अपनी पहचान छिपाकर दूसरा नाम इस्तेमाल किया।
सूत्रों के मुताबिक युवक की शादी पहले से ही एक मुस्लिम युवती से तय बताई जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं युवती को धोखे में रखकर भावनात्मक रूप से फंसाने की कोशिश तो नहीं की गई।
घटना सामने आने के बाद मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। समिति के सदस्यों का कहना है कि युवक की गतिविधियां लगातार संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं, इसी कारण उसे मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। युवती के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। साथ ही युवक द्वारा पहचान छिपाने और धोखाधड़ी के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
