प्रसव सेवाओं पर सीएमओ की सख्ती! मातृ-नवजात मौतों पर लगेगी लगाम, हर मौत का होगा ऑडिट!
हल्द्वानी। मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही की गुंजाइश नहीं चलेगी। गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की निगरानी और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने महिला चिकित्सालय हल्द्वानी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मातृ एवं नवजात मृत्यु दर में कमी लाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए अस्पताल स्तर पर जवाबदेही के साथ काम करना होगा।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मातृ मृत्यु निगरानी एवं प्रतिक्रिया प्रणाली (MPCDSR) को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मातृ मृत्यु की सूचना निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराई जाए और एक माह के भीतर उसका विस्तृत ऑडिट किया जाए, ताकि मृत्यु के कारणों का पता लगाकर भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।
लेबर रूम की व्यवस्थाओं को लेकर भी सीएमओ ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने प्रसव कक्ष को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) और LaQshya कार्यक्रम के अनुरूप विकसित करने, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, संक्रमण नियंत्रण, साफ-सफाई और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिला के अस्पताल में भर्ती होने से लेकर प्रसव और डिस्चार्ज तक की प्रत्येक जानकारी बेड हेड टिकट (BHT) में अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा।
सीएमओ ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) के मामलों को गंभीरता से लेते हुए ऐसी गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान, नियमित फॉलोअप, आवश्यक जांच और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने को भी कहा गया। उन्होंने आशा हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने और प्रसव के बाद नवजात शिशुओं की नियमित होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर (HBNC) विजिट सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, लेबर रूम और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए सीएमओ ने HMIS पोर्टल पर सभी स्वास्थ्य संकेतकों की शत-प्रतिशत और समयबद्ध रिपोर्टिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य केवल प्रसव कराना नहीं, बल्कि मां और नवजात दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
डॉ. रश्मि पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अब देखना होगा कि निरीक्षण में दिए गए इन निर्देशों का अस्पताल की जमीनी व्यवस्थाओं पर कितना असर दिखाई देता है।

