oplus_10485762
खबरें शेयर करें -

अब रटने से नहीं, करके सीखेंगे बच्चे! मोटाहल्दू के बीबीवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सीबीएसई के प्रशिक्षण में शिक्षकों को दिए गए एक्टिव लर्निंग के गुर।

जिले के 12 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने किया प्रतिभाग, विशेषज्ञों ने बताई बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने की प्रभावी तकनीकें।

लालकुआं । बदलते शैक्षणिक परिवेश में अब केवल किताबों और परंपरागत शिक्षण पद्धति से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। बच्चों को पढ़ाई में सक्रिय भागीदार बनाना और उन्हें स्वयं सीखने के लिए प्रेरित करना समय की जरूरत है। इसी उद्देश्य से गुरुवार को वीवीबीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, किशनपुर सकुलिया मोटाहल्दू में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से एक्टिव लर्निंग विषय पर कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम आयोजित किया गया। इसमें जिले के कुल 12 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग कर आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की बारीकियां सीखीं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल हल्द्वानी की शिक्षिका चारु स्मिता भट्ट और अमेनीटी पब्लिक स्कूल रुद्रपुर की शिक्षिका बहार कौर ने बतौर विशेषज्ञ प्रशिक्षक शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने वर्तमान परिवेश में बच्चों को कक्षा में सक्रिय रखने, उनकी रुचि के अनुरूप शिक्षण गतिविधियां संचालित करने तथा पढ़ाई को रोचक और प्रभावशाली बनाने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। विशेषज्ञों ने बताया कि बच्चों को केवल सुनने और याद करने तक सीमित रखने के बजाय उन्हें सवाल पूछने, चर्चा करने, समूह में कार्य करने और गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर दिए जाने चाहिए। इससे बच्चों में रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है।

इस दौरान शिक्षकों को बताया गया कि किस प्रकार कक्षा-कक्ष को संवादपरक और सहभागितापूर्ण बनाकर प्रत्येक विद्यार्थी की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है। प्रशिक्षण में शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और आधुनिक शिक्षण तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।

विद्यालय की प्रबंधक आनंदी गड़िया ने कहा कि आज शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि बच्चों में सीखने की जिज्ञासा, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच विकसित करना है। एक्टिव लर्निंग ऐसी ही प्रभावी शिक्षण पद्धति है, जिसमें बच्चा स्वयं सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा बनता है। सीबीएसई के इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्य रुचिता सिंघल, प्रबंधक आनंदी गड़िया ने प्रशिक्षक शिक्षिकाओं सहित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों और सुझावों को कक्षा-कक्ष में लागू कर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

उत्तराखंड