होटलों में ठगी कर फरार होने वाला आरोपी गिरफ्तार, ₹1.20 लाख नकद व स्कूटी सहित पुलिस ने किया खुलासा!४
भवाली।
पुलिस–पब्लिक के मजबूत तालमेल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी की त्वरित कार्रवाई से भवाली में चोरी के एक पुराने मामले का सफल खुलासा किया गया है। पुलिस ने होटल में काम करने के दौरान ठगी कर फरार हुए आरोपी को स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, देर रात्रि एसएसपी को एक संदिग्ध व्यक्ति के चोरी में संलिप्त होने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय कर घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपी कैलाश चन्द्र तिवारी पुत्र गणेश चन्द्र तिवारी, निवासी ग्राम सीलगवाड़ी, पोस्ट लखनी, थाना कौसानी, जिला बागेश्वर को गिरफ्तार किया गया।
कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि आरोपी 10 जून 2023 को भवाली के रामगढ़ तिराहा स्थित एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। इस दौरान उसने होटल से लगभग ₹1.20 लाख नकद चोरी किए, होटल के खातों से चेक के माध्यम से धनराशि अपने खाते में स्थानांतरित की और होटल कर्मचारी हिमांशु जोशी की स्कूटी संख्या UK04 AE 6106 लेकर फरार हो गया था। होटल स्वामी नीरज कुमार (निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश) की तहरीर पर कोतवाली भवाली में आरोपी के खिलाफ धारा 406 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसे 13 दिसंबर 2025 को स्कूटी सहित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग स्थानों पर होटल में नौकरी कर ठगी करता है और फिर फरार हो जाता है। वर्तमान में वह चोरगलिया क्षेत्र के एक होटल में कार्यरत था।
पुलिस को आरोपी के रानीखेत और द्वाराहाट क्षेत्रों में भी ठगी की घटनाओं में संलिप्त होने की जानकारी मिली है। मामले में धारा 411 आईपीसी के तहत भी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा, उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक लेखराज कम्बोज, कांस्टेबल महेश गिरी और कांस्टेबल मलखान सिंह शामिल रहे। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जनपद में अपराध कर छिपने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है और नैनीताल पुलिस अपराधियों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई करती रहेगी।
