विजय दिवस पर ऊधमसिंह नगर में क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन
15 दिसंबर को रुद्रपुर के मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में दिखेगा जोश।
रुद्रपुर। विजय दिवस के शुभ अवसर पर खेल प्रेमियों के लिए खास आयोजन किया जा रहा है। खेल निदेशालय उत्तराखण्ड के सौजन्य से एवं जिला प्रशासन ऊधमसिंह नगर के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय, ऊधमसिंह नगर द्वारा जनपदीय क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
यह प्रतियोगिता 15 दिसंबर 2025 (सोमवार) को प्रातः 08:00 बजे से श्री मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में ओपन आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को प्रातः 07:30 बजे तक स्टेडियम पहुंचकर चेस्ट नंबर प्राप्त करना अनिवार्य होगा। ओपन वर्ग के सभी प्रतिभागियों को आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लाना आवश्यक होगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि क्रॉस कंट्री रेस में प्रत्येक आयु वर्ग में प्रथम से छठे स्थान तक रहने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं चिकित्सा सुविधा के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9410725348 एवं 8979657727 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह आयोजन जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को फिटनेस एवं प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करेगा।
