खबरें शेयर करें -

अल्मोड़ा में  होगा 33वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह, कपिलेश भोज होंगे सम्मानित।
24-25 मार्च को दो दिवसीय आयोजन, सांस्कृतिक जुलूस से होगी शुरुआत; ‘उत्तराखंड के 25 वर्ष’ विषय पर विशेष व्याख्यान!
(दर्पण न्यूज 24/7)
अल्मोड़ा। पत्रकार स्व. उमेश डोभाल की स्मृति में आयोजित होने वाला 33वां उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह इस वर्ष 24 और 25 मार्च को अल्मोड़ा में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध साहित्यकार कपिलेश भोज को स्मृति सम्मान से नवाजा जाएगा।
आयोजन समिति की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समिति ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी समारोह में पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार 24 मार्च को प्रातः 11:30 बजे गांधी पार्क से जिला पंचायत सभागार तक एक भव्य सांस्कृतिक जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे ‘उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष’ विषय पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिया जाएगा।
25 मार्च को मुख्य समारोह में चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति ने सामाजिक, सांस्कृतिक, कर्मचारी एवं पत्रकार संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।
बैठक में डॉ. हयात सिंह रावत, प्रकाश पांडेय, डॉ. निर्मल जोशी, ईश्वर जोशी, राजेंद्र रावत, चंद्रशेखर द्विवेदी, रमेश जोशी, प्रेस क्लब उपाध्यक्ष कमलेश कनवाल, सचिव अशोक पांडे, उप सचिव कपिल मल्होत्रा, मोहित अधिकारी, किशन जोशी, हरीश भंडारी, हिमांशु लटवाल, शिवेंद्र गोस्वामी, दयाकृष्ण कांडपाल, नसीम अहमद और जगजीवन बिष्ट सहित कई लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड