हल्द्वानी में खून के रिश्ते को किया शर्मसार, बड़े भाई ने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या!
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। बरेली रोड क्षेत्र के राम मंदिर बगीचा इलाके में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। घर के भीतर हुए झगड़े में एक व्यक्ति ने अपने ही सगे छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 फरवरी की रात करीब 11 बजे संदीप जायसवाल घर पहुंचा और किसी बात को लेकर अचानक अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल पर हमला कर बैठा। परिजनों के मुताबिक आरोपी गुस्से में लगातार चिल्ला रहा था कि “मैं तेरी वजह से बर्बाद हो गया” और इसी दौरान उसने पास में रखा स्टील का लौटा उठाकर सोनू के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान आरोपी ने सोनू को तख्त पर पटक-पटक कर भी पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
खौफनाक हत्याकांड के बाद राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस जघन्य घटना से स्तब्ध हैं और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
