हाथी का कहर: बाजार से लौट रहे बुजुर्ग को कुचला, इलाज के दौरान मौत!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता कालाढूंगी। कालाढूंगी क्षेत्र के हुड़किया चौड़ जंगल में हाथी के हमले से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार हुड़किया चौड़ निवासी 60 वर्षीय भूपेंद्र सिंह बिष्ट पुत्र खीम सिंह शुक्रवार शाम कालाढूंगी साप्ताहिक बाजार से साइकिल पर सामान लेकर घर लौट रहे थे। गांव के पास जंगल के रास्ते में अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में हाथी ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया और उनकी साइकिल भी तोड़ डाली।
कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने भूपेंद्र सिंह को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा। आनन-फानन में उन्हें कालाढूंगी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी डीएस मर्तोलिया, कालाढूंगी रेंज अधिकारी रमेश चंद्र ध्यानी सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वन कर्मियों को घटनास्थल पर हाथी के पैरों के निशान और टूटे हुए केले के पेड़ मिले हैं।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से प्राप्त शिकायती पत्र के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
