दिल्ली घटना के बाद लालकुआँ में अलर्ट, पुलिस ने निकाला नगर में फ्लैग मार्च, जनता से की अपील।
✍️ लालकुआं संवाददाता – दर्पण न्यूज 24*7
📍स्थान – लालकुआँ, नैनीताल
लालकुआँ।
दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद नैनीताल जिले को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार शाम लालकुआँ में पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने नागरिकों से सर्तक और सजग रहने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने को कहा।
फ्लैग मार्च कोतवाली परिसर से प्रारंभ हुआ जो रेलवे कॉलोनी, हाथीखाना, मुख्य बाजार समेत नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुज़रा और पुनः कोतवाली में आकर संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च में दमकल विभाग के कर्मी भी शामिल रहे। पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में पैदल गश्त करते हुए लोगों को अफवाहों से बचने तथा सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की सलाह दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल ने कहा कि “दिल्ली ब्लास्ट की घटना के बाद नैनीताल जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी क्रम में आज लालकुआँ और आस-पास के इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया ताकि जनता को सुरक्षा का संदेश मिले और लोग सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। हमारा अभियान आगे भी जारी रहेगा।”
इस दौरान कोतवाल बृजमोहन राणा, चोरगलिया थाना पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की यह पहल नगर में शांति और सुरक्षा का भरोसा जगाने वाली साबित हुई।
