खबरें शेयर करें -

सांसद अजय भट्ट की पहल – काठगोदाम से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग तेज़

सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री से की वार्ता, काठगोदाम–दिल्ली के बीच दैनिक वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने की मांग

हल्द्वानी, (दर्पण न्यूज 24*7 संवाददाता प्रमोद बमेटा):
कुमाऊं के लोगों के लिए राहत भरी खबर आ सकती है। नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने काठगोदाम–दिल्ली–काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग एक बार फिर ज़ोरदार तरीके से उठाई है।

सांसद भट्ट ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र की जनता की इस लंबे समय से लंबित मांग को तत्काल पूरा करने का आग्रह किया।

उन्होंने रेल मंत्री को बताया कि काठगोदाम कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जो पूरे क्षेत्र का प्रवेश द्वार भी है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद देशभर से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सुबह दिल्ली के लिए और शाम को काठगोदाम लौटने के लिए वंदे भारत सेवा शुरू होने से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।

भट्ट ने यह भी बताया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में पत्रांक संख्या 10464/सांसद/लोकसभा/2025 दिनांक 02 जुलाई 2025 को भी रेल मंत्रालय को पत्र भेजा था। हालिया वार्ता के दौरान डीआरएम, इज्जतनगर मंडल ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए कहा कि काठगोदाम में वंदे भारत के लिए मेंटेनेंस सुविधा उपलब्ध नहीं है।

इस पर सांसद ने स्पष्ट किया कि काठगोदाम और लालकुआं दोनों ही स्टेशनों पर आवश्यक मेंटेनेंस की सुविधाएं पहले से मौजूद हैं, इसलिए जनता की सुविधा और क्षेत्र के हित में इस सेवा को जल्द प्रारंभ किया जाना चाहिए।

सांसद भट्ट की इस पहल से कुमाऊं क्षेत्र में नई उम्मीदें जाग उठी हैं, और क्षेत्रीय जनता में इस संभावित वंदे भारत सेवा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

✍️ रिपोर्टर – प्रमोद बमेटा, दर्पण न्यूज 24*7

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *