इंस्टाग्राम फ्रेंडशिप का खतरनाक सफ़र: नाबालिग 80 KM दूर युवक से मिलने पहुंची, पुलिस-ग्रामीणों ने जंगल से दबोचा
दर्पण न्यूज 24*7 स्पेशल रिपोर्ट
लालकुआं। सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती 
ने एक बार फिर खतरनाक मोड़ ले लिया। इंस्टाग्राम पर दोस्ती होने के बाद लालकुआं की एक नाबालिग किशोरी अपने घर की दहलीज पार कर करीब 80 किलोमीटर दूर पहाड़ के चमड़िया क्षेत्र में पहुंचे युवक से मिलने जा पहुंची। युवक स्थानीय होटल में कार्यरत है।
जब दोनों लोकेशन के आधार पर पुलिस की घेराबंदी में आए तो पुलिस को चकमा देते हुए जंगल की ओर भाग निकले। अल्मोड़ा–हल्द्वानी हाईवे पर कोसी नदी की ओर दोनों को भागते देख ग्रामीण भी सकते में पड़ गए। सूचना मिलते ही खैरना चौकी पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
ग्रामीणों की सक्रियता और पुलिस की तत्परता के चलते दोनों को जंगल से दबोच लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद किशोरी घर से कॉलेज जाने का बहाना बनाकर युवक से मिलने चमड़िया पहुंच गई थी।
पुलिस ने किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द किया, जबकि युवक को पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया गया है।
सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती से बढ़ती हैं ऐसी घटनाएं, पुलिस ने की संभलने की अपील।
