नन्दा गौरा योजना के अंतर्गत आवेदन की धीमी गति को देखते हुए पात्र लोगों से समय पर आवेदन करने की अपील।
नन्दा गौरा योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर, विभाग ने की पुनः अपील।
देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, उत्तराखण्ड ने नन्दा गौरा योजना के अंतर्गत आवेदन की धीमी गति को देखते हुए एक बार फिर आमजन से समय पर आवेदन करने की अपील की है। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार योजना के तहत एक परिवार की दो जीवित पात्र बालिकाओं को लाभ प्रदान किया जाता है, जिसमें कन्या जन्म पर ग्यारह हजार रुपये तथा कक्षा 12 उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने पर इक्यावन हजार रुपये की सहायता दी जाती है।
विभागीय समीक्षा के दौरान सामने आया कि अद्यतन तिथि तक जन्म श्रेणी में केवल 4,435 और 12वीं उत्तीर्ण श्रेणी में मात्र 7,440 आवेदन ही पोर्टल पर दर्ज हुए हैं। अपेक्षित संख्या कम होने के कारण विभाग ने सभी पात्र परिवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन सुनिश्चित करने को कहा है।
कन्या जन्म से संबंधित आवेदन जन्म के छह माह के भीतर किए जा सकते हैं और इसके लिए पोर्टल पर निरंतर आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। वहीं 12वीं उत्तीर्ण बालिकाओं के आवेदन हेतु शासनादेश के अनुसार अंतिम तिथि 30 नवंबर 2025 निर्धारित है। शैक्षिक सत्र 2024-25 में 12वीं पास कर उच्च शिक्षा में दाखिला लेने वाली बालिकाएं इसी निर्धारित अवधि तक आवेदन कर सकेंगी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि योजना हेतु ऑनलाइन आवेदन केवल www.nandagaurauk.in पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। साथ ही योजना संबंधी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए आवेदक अपने जिले के जिला कार्यक्रम कार्यालय या बाल विकास परियोजना कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
विभाग ने पात्र लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे अंतिम तिथि से पूर्व ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें।
