खबरें शेयर करें -

रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की रफ्तार बढ़ी, डीएम ने दिए दिन-रात काम करने के निर्देश
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली परियोजना—पहला फेज एमसीआई निरीक्षण से पहले हर हाल में पूरा करने पर जोर

रुद्रपुर, 19 नवम्बर 2025 (दर्पण न्यूज 24*7।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अपने कैंप कार्यालय में रुद्रपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि यह परियोजना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकता में है, इसलिए निर्माण कार्य त्वरित गति से कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और निर्माण कार्य दिन-रात शिफ्टों में कराया जाए।

डीएम ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक, हॉस्टल और लाइब्रेरी का निर्माण प्रथम फेज में हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए एमसीआई निरीक्षण से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएँ। इसी क्रम में उन्होंने प्राचार्य को निर्देश दिए कि कॉलेज के लिए आवश्यक मेडिकल उपकरणों, लाइब्रेरी हेतु किताबों की सूची तैयार कर खरीद प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। साथ ही विद्युत से जुड़े कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को मेडिकल कॉलेज और सर्किट हाउस परियोजनाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीडीओ की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं होगा, ताकि गुणवत्ता और प्रगति पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।

डीएम भदौरिया ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं समय पर पूरी हों, ताकि जिले में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत हो सके और जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलें।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. जी.एस. तितियाल, परियोजना प्रबंधक पेयजल निर्माण निगम नरेन्द्र नवानी, सहायक अभियंता विद्युत प्रमोद रस्तोगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड