अब बिजली कनेक्शन लेना होगा आसान! 300 मीटर तक लाइन बिछाने का खर्च उठाएगा ऊर्जा निगम, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत।
75 किलोवाट की सीमा बढ़ाकर 150/176 केवीए तक की गई, बिजली हादसों में मुआवजा भी बढ़ा, मृतक के परिजनों को अब मिलेंगे 10 लाख रुपये।
काशीपुर। बिजली का नया कनेक्शन लेने के लिए अब उपभोक्ताओं को जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। खासकर उन लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है, जिनके घर या प्रतिष्ठान मुख्य विद्युत लाइन से कुछ दूरी पर स्थित हैं। ऊर्जा निगम ने विद्युत संयोजन से जुड़े मानकों में बड़ा बदलाव करते हुए निशुल्क लाइन की दूरी 40 मीटर से बढ़ाकर सीधे 300 मीटर कर दी है। यानी अब 300 मीटर तक विद्युत लाइन के विस्तार के लिए उपभोक्ताओं को अलग से शुल्क नहीं देना होगा।
अब तक 40 मीटर से अधिक दूरी पर बिजली कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को लाइन विस्तार का निर्धारित खर्च उठाना पड़ता था। इस वजह से कई बार कनेक्शन लेना महंगा और जटिल हो जाता था। नए प्रावधान के बाद ऐसे उपभोक्ताओं को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी और बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया भी आसान होगी।
छोटे उद्योगों को भी बड़ी राहत
ऊर्जा निगम ने औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए भी नियमों में बदलाव किया है। पहले 75 किलोवाट तक के औद्योगिक विद्युत संयोजनों के लिए एलटी लाइन पर ट्रांसफार्मर स्थापित करने की व्यवस्था लागू थी। अब इस सीमा को बढ़ाकर 150/176 केवीए तक कर दिया गया है। इससे छोटे औद्योगिक उपभोक्ताओं को पूर्व की जटिल प्रक्रिया से राहत मिलेगी और नए औद्योगिक संयोजन प्राप्त करना अपेक्षाकृत आसान होगा।
बिजली हादसे में मौत पर अब 10 लाख रुपये मुआवजा
ऊर्जा निगम ने विद्युत दुर्घटनाओं में मिलने वाली क्षतिपूर्ति राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। घातक विद्युत दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके विधिक उत्तराधिकारी को मिलने वाली क्षतिपूर्ति चार लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं अघातक विद्युत दुर्घटना में पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में भी क्षतिपूर्ति चार लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है।
पशुओं की मौत पर भी बढ़ाई गई क्षतिपूर्ति
विद्युत दुर्घटनाओं में पशुधन की मौत होने पर मिलने वाली सहायता राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। भैंस, गाय, ऊंट और याक की मृत्यु पर क्षतिपूर्ति 30 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है। भेड़, बकरी और सुअर की मृत्यु पर 25 हजार के स्थान पर अब 40 हजार रुपये मिलेंगे। इसी तरह ऊंट, घोड़ा और बैल की मृत्यु पर भी क्षतिपूर्ति 25 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये कर दी गई है। वहीं बछड़ा, गधा और खच्चर की मृत्यु पर मिलने वाली राशि 16 हजार से बढ़ाकर 27 हजार रुपये कर दी गई है।
ऊर्जा निगम का दावा, शहर की बिजली व्यवस्था सुधारने पर भी काम
ऊर्जा निगम काशीपुर के अधिशासी अभियंता बेगराज सिंह ने बताया कि विद्युत संयोजन और दुर्घटना क्षतिपूर्ति से जुड़े मानकों में बदलाव किया गया है। एमडी ऊर्जा निगम के निर्देशों के क्रम में शहर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।
कुल मिलाकर नए प्रावधान आम घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर छोटे उद्योग संचालकों तक के लिए राहत लेकर आए हैं। हालांकि अब निगाह इस बात पर रहेगी कि इन बदले हुए नियमों का लाभ उपभोक्ताओं को धरातल पर कितनी सहजता और तेजी से मिल पाता है।

