खबरें शेयर करें -

लालकुआँ-काशीपुर ट्रैक के पास मिला अज्ञात युवक का शव, ट्रेन हादसा या हाथियों का हमला? जांच में जुटी पुलिस

दिनेशपुर/लालकुआँ। सोमवार सुबह टांडा रेंज वन क्षेत्र के समीप लालकुआँ-काशीपुर रेलवे ट्रैक के पास करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ट्रैक की नियमित जांच कर रहे रेलवे कर्मचारियों ने किमी 8/10-11 पर जंगल की ओर शव पड़ा देखा और तुरंत आरपीएफ, वन विभाग तथा स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

पंतनगर थाना पुलिस, आरपीएफ व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन मृतक के पास कोई दस्तावेज या पहचान संबंधी सुराग नहीं मिला। शव पर विशेषकर सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर मोर्चरी भेज दिया है।

एसआई अशोक कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन दुर्घटना का लग रहा है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

उधर रेल कर्मचारियों ने घटनास्थल पर हाथियों के पांव के निशान होने की जानकारी दी, जिससे यह संभावना भी सामने आई है कि युवक हाथियों के हमले का शिकार हुआ हो। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड