खबरें शेयर करें -

दर्पण न्यूज़ 24×7 की  एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
कालू सिद्ध मार्ग पर दर्दनाक हादसा: हाथी ने स्कूटी पर बैठे 12 वर्षीय छात्र को सूंड़ से उठाकर पटक दिया, मौके पर मौत!

देहरादून: थानों वन रेंज के घने जंगलों में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना घट गई। कोठारी मोहल्ला जौलीग्रांट निवासी छठवीं कक्षा के छात्र कुणाल थापा (12) की हाथी के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शाम करीब 4:15 बजे तब हुआ जब कुणाल अपने माता-पिता के साथ स्कूटी से कालू सिद्ध मंदिर की ओर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक एक हाथी रास्ते पर आ गया और उसने स्कूटी पर बैठे मासूम कुणाल को सूंड़ से उठाकर जोर से पटक दिया। हादसा इतना भयावह था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। माता-पिता—कमल और नीलम थापा—किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे।

हाथी घटना के बाद कुछ देर वहीं खड़ा रहा। बताया जा रहा है कि कमल थापा ने हिम्मत दिखाते हुए पास में आग जलाकर हाथी को दूर भगाया। घायल कुणाल को तुरंत जौलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों और स्थानीय लोगों में घटनास्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस और वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड