गाजियाबाद NH-9 पर बड़ा हादसा: दिल्ली जा रही बस पलटी, 12 यात्री घायल
गाजियाबाद/देहरादून।
बृहस्पतिवार तड़के उत्तराखंड से दिल्ली जा रही एक निजी बस नेशनल हाईवे-9 पर अचानक पलट गई। हादसे के समय बस में 24 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा–तफरी फैल गई। दुर्घटना में करीब 12 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से दिल्ली जा रही यह बस सुबह करीब 4:45 बजे गाजियाबाद के हाईटेक कॉलेज के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्री संभल भी नहीं पाए।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, सुरक्षित बचे यात्रियों को दूसरी बस से दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
प्रारम्भिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
