“900 से ज़्यादा फ्लाइट्स रद्द! देशभर में हंगामा… आखिर क्यों बिगड़ा इंडिगो का शेड्यूल?”
रिपोर्ट! दर्पण न्यूज 24*7
देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो इन दिनों भारी अव्यवस्था से जूझ रही है। पिछले चार दिनों से उड़ानों में लगातार भीषण देरी और रद्दीकरण के चलते देशभर के एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी मची हुई है। गुरुवार को ही 550 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिसके बाद गोवा, हैदराबाद, दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर हाहाकार: 200 से अधिक उड़ानें रद्द!
शुक्रवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट एक बार फिर अव्यवस्था का केंद्र बना रहा। यहां 135 डिपार्चर और 90 अराइवल मिलाकर 200 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं। हज़ारों यात्रियों का सामान बिखरा दिखा और कई लोग रात भर फर्श पर सोने को मजबूर रहे।
एक यात्री ने नाराजगी जताते हुए कहा—
“12 घंटे से ज्यादा हो गए, न खाना मिला न पानी… हमारा सामान भी गायब है। एयरलाइन कोई जवाब नहीं दे रही, ये मानसिक प्रताड़ना है।”
इसी तरह एक महिला ने बताया—
“14 घंटे बीत गए, बच्चे भूखे हैं… स्टाफ कुछ बताने को तैयार नहीं।”
देश के प्रमुख शहरों में बेतहाशा रद्द उड़ानें
इंडिगो की उड़ानें देश के लगभग सभी बड़े एयरपोर्ट्स पर प्रभावित हुईं। आंकड़े चौंकाने वाले हैं—
- दिल्ली – 225
- मुंबई – 118
- बेंगलुरु – 100
- हैदराबाद – 90
- कोलकाता – 35
- चेन्नई – 26
- गोवा – 11
- भोपाल – 5
आज भी 400 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं। दो दिनों में यह आंकड़ा 900 से ऊपर पहुंच गया, जिससे लाखों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं।
आखिर क्यों रद्द हो रही हैं इंडिगो की फ्लाइट्स?
इंडिगो ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि—
- नए क्रू ड्यूटी नियमों के बाद स्टाफ की जरूरत का गलत आकलन हुआ।
- क्रू और तकनीकी स्टाफ की कमी अचानक बढ़ गई।
- सर्दी के मौसम से ऑपरेशन और बिगड़ा।
- तकनीकी समस्याओं के चलते कई विमान समय पर उड़ान नहीं भर सके।
यानी प्रबंधन की चूक और मौसम—दोनों ने मिलकर स्थिति को गंभीर बना दिया।
DGCA को रिपोर्ट सौंप, नियम वापस लिए
नियामक संस्था DGCA को भेजी रिपोर्ट में इंडिगो ने स्वीकार किया कि—
- रात की क्रू ड्यूटी को सुबह 5 बजे से बढ़ाकर 6 बजे तक करने का फैसला गलत साबित हुआ।
- इस बदलाव ने पूरे क्रू शेड्यूल को अस्त-व्यस्त कर दिया।
- कंपनी फिलहाल यह नियम वापस ले रही है।
आने वाले 2–3 दिन और चलेगी परेशानी
इंडिगो ने साफ किया है कि उड़ानों का शेड्यूल पूरी तरह सामान्य होने में 2–3 दिन और लगेंगे।
यात्रियों से धैर्य रखने की अपील की गई है, लेकिन एयरपोर्ट्स पर हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।
