वन निगम ने लालकुआं में शुरू कराई खनन निकाशी! पहले दिन 8 वाहनों की एंट्री, 2025-26 सत्र की शानदार शुरुआत।
लालकुआँ।
क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण व्यवसाय में सुमार खनन व्यवसाय के लालकुआं गेट का आखिरकार सोमवार को शुभारंभ कर दिया गया। गेट खुलते ही पहले ही दिन आठ वाहनों की एंट्री ने नए खनन सत्र की तेज रफ्तार का संकेत दे दिया। उद्घाटन के साथ ही खनन क्षेत्र से जुड़े मजदूरों, वाहन स्वामियों और स्थानीय कारोबारियों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
उद्घाटन समारोह में गोला गेट के अध्यक्ष पंकज दानू, गोला संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश जोशी, शेखर जोशी, रमेश कांडपाल, बृजेन्द्र दानू, कुंदन शाह, कमलेश मेहरा, नीरज मेहरा, भीम सिंह रावत और तारा सिंह नेगी मौजूद रहे। सभी ने गेट संचालन के सुचारू प्रबंधन पर बल देते हुए श्रमिकों और वाहन चालकों की सुविधाओं का ध्यान रखने की अपील की।
गेट इंचार्ज मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि वन विकास निगम ने खनन सत्र 2025-26 के लिए कमर कस ली है। सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है, ताकि गेट से खनिज निकासी निर्बाध रूप से चल सके। उन्होंने कहा कि गेट खुलते ही परिवहन व्यवस्था सुचारू हो गई है और आगे दिनों में वाहनों की संख्या में और वृद्धि की उम्मीद है।
उद्घाटन के बाद खनन क्षेत्र में फिर से रौनक लौट आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गेट खुलने से रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में नई ऊर्जा आएगी।
