“पेंशन दो, धरना खत्म करो” — सेवानिवृत्त सिंचाई कर्मियों के समर्थन में उतरा कर्मचारी महासंघ, मुख्य सचिव से तत्काल हस्तक्षेप की मांग।
दर्पण न्यूज 24/7
देहरादून।
सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन का लाभ दिलाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को सिंचाई विभाग कर्मचारी महासंघ, उत्तराखण्ड ने खुला समर्थन दे दिया है। महासंघ ने मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन को पत्र भेजकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन स्वीकृत कर धरना-प्रदर्शन समाप्त कराने की मांग की है।
महासंघ के प्रान्तीय अध्यक्ष पूर्णानन्द नौटियाल एवं प्रान्तीय महामंत्री राकेश सिंह रावत द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सेवानिवृत्त कर्मचारी संघर्ष समिति, सिंचाई विभाग उत्तराखण्ड लंबे समय से कार्यप्रभारित से नियमित हुए कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन देने की मांग कर रही है। इसी मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग परिसर में लगातार धरना कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ठंड के मौसम में दूर-दराज क्षेत्रों से आए कई बुजुर्ग सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तबीयत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे उनके परिवारों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महासंघ ने इसे मानवीय मुद्दा बताते हुए सरकार से सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेने की अपील की है।
सिंचाई विभाग कर्मचारी महासंघ ने स्पष्ट किया है कि वह सेवानिवृत्त कर्मचारी संघर्ष समिति द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का पूर्ण समर्थन करता है और सरकार से आग्रह करता है कि पेंशन संबंधी प्रकरण का शीघ्र समाधान कर आंदोलन को समाप्त कराया जाए।
अब निगाहें शासन के निर्णय पर टिकी हैं कि कब तक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनका हक मिलने का रास्ता साफ होगा।
