2027 की रणभेरी: उत्तराखंड कांग्रेस का नैनीताल जिले पर विशेष फोकस, विधानसभा प्रभारियों की घोषणा।
दर्पण न्यूज 24/7
प्रमोद बमेटा।
देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी ने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों को तेज करते हुए संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेशभर की सभी विधानसभा सीटों के लिए प्रभारी नियुक्त करते हुए सूची जारी की है, जिसमें नैनीताल जिले को विशेष फोकस में रखा गया है।
कांग्रेस ने नैनीताल जिले की प्रमुख विधानसभा सीटों पर अनुभवी और सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। नैनीताल विधानसभा की कमान तेजतर्रार युवा नेता शंकर जोशी को दी गई है। वहीं हल्द्वानी विधानसभा के लिए हेमंत पाठक, रामनगर के लिए राजेंद्र खनवाल, लालकुआं के लिए दीप सती और भीमताल विधानसभा के लिए भुवन तिवारी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि इन नियुक्तियों से जिले में संगठन को नई धार और गति मिलेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी का मानना है कि समय रहते विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति से बूथ स्तर तक संगठन सशक्त होगा। प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकों का संचालन करेंगे, बूथ, मंडल और ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे, स्थानीय मुद्दों को चिन्हित कर पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएंगे तथा आगामी चुनाव के लिए ठोस रणनीतिक रोडमैप तैयार करेंगे।
इस मौके पर नैनीताल जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छीमवाल ने कहा कि
“नैनीताल जिले की सभी विधानसभा सीटों पर प्रभारी तय कर कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी 2027 के चुनाव को लेकर पूरी तरह गंभीर है। जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़कर, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कांग्रेस मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी। जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय व मजबूत किया जाएगा।”
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, चुनाव से करीब दो वर्ष पहले प्रभारियों की घोषणा कांग्रेस की लॉन्ग टर्म रणनीति का हिस्सा है, जिससे कमजोर क्षेत्रों की पहचान कर समय रहते सुधार संभव होगा। कुल मिलाकर, नैनीताल जिले पर विशेष फोकस के साथ यह कदम उत्तराखंड कांग्रेस की आक्रामक और सुनियोजित चुनावी तैयारी को दर्शाता है।
