








किच्छा निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा परखी!
डीएम ने नवीन फल मंडी स्थित स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण, सुरक्षा घेरे से लेकर सीसीटीवी और पार्किंग तक दिए निर्देश!
किच्छा, 21 सितंबर। नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। चुनावी प्रक्रिया में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को नवीन फल मंडी किच्छा में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने स्ट्रांग रूम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखी। मतदान पार्टियों से प्राप्त होने वाली मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से जमा कराने के लिए बनाए गए टेबल और व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत परिसर में अतिरिक्त बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम परिसर में हाई मास्क लाइट लगाने के साथ ही परिसर के बाहर वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का फोकस मतदान सामग्री की सुरक्षित प्राप्ति, निगरानी और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने पर है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय गणपति, आरओ हिमांशु कफलटिया, एसडीएम गौरव पांडेय, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
