औचक निरीक्षण में मुख्यमंत्री धामी का सख्त एक्शन: डालनवाला कोतवाल लाइन हाजिर, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के औचक निरीक्षण ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी। डालनवाला कोतवाली के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कोतवाल को तत्काल लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से कोतवाली में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी व्यवस्था, अभिलेखों की स्थिति, शिकायत निस्तारण और आमजन से व्यवहार को लेकर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्त संदेश देते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा और विश्वास से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संकेत मिल गया है कि कार्य में शिथिलता और लापरवाही पर अब सीधे कार्रवाई होगी। शासन स्तर से यह भी कहा गया है कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
मुख्यमंत्री धामी की इस सख्त पहल को प्रशासनिक सुधार और जवाबदेही की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
