खबरें शेयर करें -

समय से पहले छुट्टी पड़ी भारी!
मुख्य शिक्षा अधिकारी का कड़ा एक्शन, 17 शिक्षकों-कर्मचारियों का वेतन रोका

भीमताल, 19 दिसम्बर 2025 (सूवि)।
विद्यालयों में अनुशासनहीनता और समय पालन में लापरवाही पर मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल गोविन्द जायसवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। समय से पूर्व विद्यार्थियों की छुट्टी किए जाने के मामले में जीआईसी सेमलखलिया एवं प्राथमिक विद्यालय सेमलखालिया (विकासखंड रामनगर) के 17 अध्यापकों एवं लिपिकों का वेतन रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को रामनगर क्षेत्र की सावलदे न्याय पंचायत के अंतर्गत जीआईसी ढेला, प्राइमरी स्कूल ढेला, हाईस्कूल पटरानी, प्राथमिक विद्यालय पटरानी नंबर-3, प्राथमिक विद्यालय पटरानी, प्राथमिक विद्यालय कारगिल पटरानी, कन्या जूनियर हाईस्कूल सावलदे, प्राथमिक विद्यालय सावलदे, जीआईसी सेमलखलिया तथा प्राथमिक विद्यालय सेमलखालिया सहित कुल 10 विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कुछ विद्यालयों में निर्धारित समय से पूर्व छुट्टी देने की गंभीर अनियमितता पाई गई, जिसे शिक्षा विभाग ने कदाचार की श्रेणी में माना।

सीईओ गोविन्द जायसवाल ने जिले के सभी विद्यालयों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि विद्यालय संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय समय का पूर्ण पालन अनिवार्य है और समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण न करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध भी सख्त कार्यवाही की जाएगी

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से जिले के शैक्षणिक संस्थानों में हड़कंप मच गया है और शिक्षकों को समय व अनुशासन के प्रति गंभीर संदेश गया है।