खबरें शेयर करें -

उधार के पैसे मांगे तो महिला डॉक्टर पर हमला, गहने-मोबाइल लूटे; 12 लोगों पर गंभीर आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हल्द्वानी। शहर की एक महिला डॉक्टर ने उधार की रकम वापस मांगने पर एक परिवार द्वारा मारपीट और लूटपाट किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मानपुर उत्तर, रामपुर रोड निवासी महिला डॉक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर में पुताई का काम करने वाले दिलीप ने मकान निर्माण के नाम पर उनसे करीब 1 लाख 63 हजार रुपये उधार लिए थे। बार-बार मांगने के बावजूद जब रकम वापस नहीं की गई तो 16 सितंबर 2024 को दिलीप, उसका बेटा अजय, पत्नी बिपाशा, सौरभ सहित करीब 12 लोगों ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी दो अंगूठियां, मंगलसूत्र और मोबाइल फोन भी लूट लिया गया। महिला डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वह भोटियापड़ाव चौकी पहुंचीं तो वहां संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई और उन पर समझौते का दबाव बनाया गया।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि महिला की शिकायत पर चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

उत्तराखंड