खबरें शेयर करें -

बेरोजगारी से उबाल: 22 दिसंबर को सचिवालय कूच, युवाओं की ‘आक्रोश रैली’ से सरकार पर दबाव।

दर्पण न्यूज 24/7
देहरादून।
उत्तराखंड में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं की लंबित मांगों को लेकर अब आक्रोश सड़कों पर उतरने वाला है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के आह्वान पर 22 दिसंबर 2025 को प्रदेशभर के युवा आक्रोश रैली निकालेंगे। यह रैली सुबह करीब 10:30 बजे परेड ग्राउंड से सचिवालय तक कूच करेगी।
संघ ने इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून को लिखित सूचना दे दी है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से युवाओं की समस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी उपेक्षा के विरोध में यह रैली आयोजित की जा रही है।
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने कहा कि यदि सरकार ने युवाओं की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण होगी, लेकिन युवाओं का आक्रोश सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।
इस प्रस्तावित रैली को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

उत्तराखंड