विदेश भेजने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, ट्रेवल एजेंसी संचालक समेत पांच पर साढ़े नौ लाख की ठगी का मुकदमा।
दर्पण न्यूज 24/7
देहरादून। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार युवाओं से साढ़े नौ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने एक ट्रेवल एजेंसी संचालक सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से अशरफपुर किछौछा, आंबेडकर नगर (उत्तर प्रदेश) निवासी रोशन पुत्र नूर आलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन मार्च 2025 को करनपुर स्थित एक्ट ट्रेवल के संचालक चांद से अपने भाई जव्वाद और दोस्त सुशील को रूस भेजने के लिए वीजा और नौकरी को लेकर बातचीत हुई थी। आरोप है कि एजेंसी संचालक ने एक महीने में काम कराने का भरोसा दिलाया और असफल होने पर रकम लौटाने का आश्वासन दिया।
पीड़ित के अनुसार, इस भरोसे पर फोन-पे के माध्यम से दो लाख दस हजार रुपये दिए गए, लेकिन तय समय सीमा में न तो वीजा मिला और न ही रकम वापस की गई। इसके बाद बार-बार टालमटोल और झूठे आश्वासन दिए जाते रहे। जब पीड़ित ने मामले की पड़ताल की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इससे पहले भी उसके परिचित राहुल, मित्रशेन और नाजिम से साढ़े सात लाख रुपये की ठगी की जा चुकी है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस पूरे फर्जीवाड़े में चांद के साथ-साथ साजिद, शोएब, जितेश पाल और शाहबाज भी शामिल हैं। डालनवाला कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
