खबरें शेयर करें -

नंदा देवी बायोस्फियर रिजर्व में वन्यजीव निगरानी को मिला तकनीकी आधार, GIS व आधुनिक उपकरणों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण।

खबर दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
नीति घाटी बायोस्फियर रिजर्व – नंदा देवी बायोस्फियर रिजर्व में शनिवार को वन्यजीव निगरानी के लिए GIS एवं आधुनिक औजारों और तकनीकों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र में कार्यरत प्रतिभागियों को वन्यजीवों की वैज्ञानिक निगरानी एवं डेटा संकलन की नवीन विधियों से परिचित कराना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS), रिमोट सेंसिंग, कैमरा ट्रैप, जीपीएस, मोबाइल आधारित एप्लिकेशन सहित अन्य आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि GIS तकनीक वन्यजीव आवास मानचित्रण, प्रजातियों के वितरण विश्लेषण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की निगरानी तथा संरक्षण एवं प्रबंधन योजनाओं के निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।

कार्यक्रम में फील्ड स्तर पर उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे प्रतिभागियों को तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं। आयोजकों के अनुसार इस तरह के प्रशिक्षण से जमीनी स्तर पर वन्यजीव संरक्षण कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

प्रशिक्षण सत्र हिमालयन कंसल्टेंसी के विशेषज्ञों रविंद्र पोस्टि, विनीत कुमार दुबे एवं अनुज जोशी द्वारा संचालित किए गए। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग पर मूल्यवान जानकारियां साझा कीं, जिसे प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी बताया।

उत्तराखंड