








शराब, नशा और हैवानियत: भतीजे ने चाचा की गला दबाकर की हत्या, ईंट से कुचलकर उतारा मौत के घाट।
दर्पण न्यूज 24/7काशीपुर।
शराब और नशे की हालत में की गई एक घिनौनी हरकत ने रिश्तों का कत्ल कर दिया। महुआखेड़ागंज स्थित एक फैक्ट्री में चौकीदार की नृशंस हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आईटीआई कोतवाली पुलिस ने आरोपी भतीजे को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। नशे में आपा खो बैठे भतीजे ने पहले अपने ही चाचा का गला दबाया और फिर ईंट से वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया।
बताया गया कि 28 दिसंबर को टोसा इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री परिसर में बंद गेट के भीतर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त 54 वर्षीय कर्मवीर पुत्र रंजीत सिंह निवासी सैदरपुर, थाना औरंगाबाद, जिला बुलंदशहर के रूप में की। कर्मवीर फैक्ट्री में चौकीदार के पद पर तैनात था।
जांच में सामने आया कि मृतक के साथ उसका रिश्ते का भतीजा अप्रान्त पुत्र योगेन्द्र भी उसी फैक्ट्री में चौकीदारी करता था और दोनों एक ही कमरे में रहते थे। घटना के बाद से ही अप्रान्त मोबाइल फोन मौके पर छोड़कर फरार हो गया था, जिससे पुलिस का शक उसी पर गहराने लगा।
मृतक के पुत्र रिंकू कुमार की तहरीर पर कोतवाली आईटीआई में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की गई।
पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा किया। उसने बताया कि 27 दिसंबर की शाम उसने और कर्मवीर ने साथ बैठकर शराब पी और गांजा भी लिया था। नशे की हालत में कर्मवीर ने उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने और कमरे से बाहर जाने के बावजूद कर्मवीर नहीं माना, जिससे गुस्से में आकर उसने कर्मवीर का गला दबा दिया। जमीन पर गिरने के बाद पास पड़ी ईंट उठाकर ठोड़ी पर जोरदार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी घबराकर फरार हो गया था। पुलिस ने वृहस्पतिवार को उसे बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि नशा, गलत हरकत और गुस्से ने मिलकर रिश्तों की मर्यादा तोड़ दी और एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। घटना के खुलासे के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल बना हुआ है।
