खबरें शेयर करें -

अंकिता हत्याकांड से जुड़े ऑडियो–ब्लैकमेलिंग मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर शिकंजा, हरिद्वार कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी।

दर्पण न्यूज 24*7
हरिद्वार। अंकिता हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग प्रकरण में सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अदालत से उर्मिला सनावर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) हासिल कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से जांच से बच रही थीं और नोटिस के बावजूद पेश नहीं हुईं।
रानीपुर कोतवाली पुलिस द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी कराए जाने के बाद ज्वालापुर थाना पुलिस भी अपने स्तर से कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। वारंट जारी होने के साथ ही पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर और निष्कासित पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की तलाश तेज कर दी है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज दो मुकदमे वायरल ऑडियो क्लिप से जुड़े हैं, जिसमें वह पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ सह-आरोपी हैं। इसके अलावा वर्ष 2025 में सुरेश राठौर की पुत्री द्वारा अभिनेत्री के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में ब्लैकमेलिंग का एक अलग मामला दर्ज कराया गया था।
मामले के अनुसार, 24 मार्च 2025 को पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि होली के दिन एक परिचित युवक राघव के फोन के बाद एक अनजान नंबर से उसके मोबाइल पर आपत्तिजनक तस्वीरें भेजी गईं। ट्रू कॉलर पर जांच करने पर उस नंबर पर राघव का नाम प्रदर्शित हुआ। आरोप है कि 21 मार्च को उर्मिला सनावर ने मैसेज कर बताया कि ये तस्वीरें उसे राघव से मिली हैं और इसके बदले पैसे की मांग की गई। अगले दिन वही तस्वीरें पीड़िता की मां के मोबाइल पर भी भेजी गईं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन उन्होंने न तो पुलिस के समक्ष पेश होकर बयान दर्ज कराए और न ही जांच में सहयोग किया। इसके बाद मजबूरन पुलिस ने अदालत का रुख किया, जहां से गैर-जमानती वारंट जारी किए गए।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उत्तराखंड