








लालकुआं की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सीएम धामी से मिले चेयरमैन व सभासद, शीघ्र समाधान का मिला आश्वासन।
दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी एवं सभासदों ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर लालकुआं नगर की प्रमुख समस्याओं को उनके समक्ष रखा। शिष्टमंडल ने नगर में वर्षों से लंबित विकास कार्यों एवं प्रशासनिक अड़चनों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सभासदों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि लालकुआं नगर की मालिकाना हक की प्रक्रिया लंबे समय से रुकी हुई है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिष्टमंडल ने इस प्रक्रिया को शीघ्र पुनः प्रारंभ कराने की मांग की।
इसके साथ ही नगर क्षेत्र में मिनी स्टेडियम, इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के निर्माण, नगर में खाली पड़ी राजस्व भूमि को नगर पंचायत को विकास कार्यों हेतु उपलब्ध कराने, तथा नगर के बीचों-बीच से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन को शहर से बाहर स्थानांतरित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि लालकुआं नगर की ज्वलंत समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान किया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
इस अवसर पर वार्ड नंबर 5 के सभासद सुरेश शाह एवं वार्ड नंबर 7 के सभासद भुवन पांडे भी उपस्थित रहे।
