खबरें शेयर करें -

बाघ के आतंक से दहशत में जनता, कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन — मानव-वन्यजीव संघर्ष पर फूटा गुस्सा।
हल्द्वानी | दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता।
जिले में लगातार बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में पहुंचे शिष्टमंडल ने विशेष रूप से भीमताल और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों में बाघ की बढ़ती गतिविधियों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
ज्ञापन सौंपते हुए जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि पिछले दो वर्षों से जिले के कई क्षेत्रों में बाघ का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते कई निर्दोष लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या को लेकर बार-बार उच्च अधिकारियों से ठोस कार्ययोजना की मांग की गई, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार की जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा करना है, जिसे किसी भी तरह की आर्थिक सहायता या मुआवजे से तौला नहीं जा सकता। केवल मुआवजा देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। बाघ प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं, किसान खेती-किसानी नहीं कर पा रहे हैं और छात्र-छात्राएं विद्यालय जाने से वंचित हो रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बंदर, भालू और जंगली सुअर भी किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है।
कांग्रेस ने मांग की कि
लोगों में शीघ्र विश्वास बहाल किया जाए
सुरक्षा को लेकर ठोस आश्वासन दिया जाए
आदमखोर वन्यजीवों को तत्काल मारा जाए
विशेषज्ञ शिकारी बुलाए जाएं
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेषज्ञों की समिति गठित की जाए
साथ ही बाघ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट, सोलर फेंसिंग, झाड़ी कटान, रास्तों का सुधारीकरण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को दिए गए सभी आश्वासनों को तुरंत पूरा करने की मांग की गई, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन और व्यवस्था पर बना रह सके।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, मनोज शर्मा, भोला दत्त भट्ट, हेमवती नंदन दुर्गापाल, हेमंत बगड़वाल, प्रकाश पांडे, दीप चंद्र पाठक, बहादुर सिंह बिष्ट, जगजीवन चिलवाल, संजय किरौला, जेडी कत्यूरा, कुंदन मेहता, नरेश अग्रवाल, एनबी गुणवंत, हरीश मेहता, गोविंद बगड़वाल, उमेश कबड़वाल, दया किशन कबड़वाल, सतनाम सिंह, जगमोहन चिलवाल, गंगा सिंह मेहता, राजपाल, हरीश जोशी, गोपाल दानू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उत्तराखंड