खबरें शेयर करें -

भाजपा ने मंत्री पति गिरधारी लाल साहू के बयान से बनाई दूरी
महिलाओं पर टिप्पणी की कड़ी निंदा, छात्र हत्या पर कांग्रेस पर छवि खराब करने का आरोप।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | देहरादून
मंत्री पति गिरधारी लाल साहू के विवादित बयान से भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट रूप से पल्ला झाड़ लिया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने साफ कहा कि महिलाओं के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करने वाले कथित नेता का न तो भाजपा संगठन से कोई लेना-देना है और न ही पार्टी से उनका कोई संबंध है। भाजपा ऐसे बयानों की कड़ी निंदा करती है।
चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा मातृ शक्ति के सम्मान के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की असंयमित टिप्पणी को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी ऐसे विचारों और मानसिकता से खुद को अलग रखती है।
वहीं, सेलाकुई में त्रिपुरा के छात्र की हत्या के मामले को लेकर चौहान ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को नक्सली या नस्ली हिंसा का रूप देकर राज्य की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रही है, जो निंदनीय है। जांच एजेंसियों की कार्रवाई में स्पष्ट हो चुका है कि यह हमला कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया था।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। त्रिपुरा सरकार और उत्तराखंड सरकार आपसी समन्वय के साथ पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
चौहान ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा पूरी तरह सतर्क है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन घटनाओं को राजनीतिक रंग देकर विकास कार्यों में बाधा डालने की कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी।
भाजपा राज्य में कानून-व्यवस्था और विकास दोनों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उत्तराखंड