खबरें शेयर करें -

खुली गलियों में तेंदुआ, दहशत में जोशी खोला–थपलिया।प्रशासनिक उदासीनता पर भड़के लोग।

ठोस कार्रवाई की उठी मांग।

दर्पण न्यूज 24/7 अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा नगर के जोशी खोला और थपलिया क्षेत्र इन दिनों खौफ के साए में जी रहे हैं। रविवार को एक बार फिर जोशी खोला इलाके में तेंदुए को खुलेआम घूमते देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत के साथ-साथ गहरा आक्रोश भी फैल गया। बीते कई दिनों से तेंदुए की लगातार सक्रियता के बावजूद अब तक कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई न होने से लोगों का भरोसा प्रशासन पर डगमगाने लगा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इन क्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी सामने आई हो। पूर्व में भी इसी तरह की घटनाएं हुई थीं, लेकिन उस समय वन विभाग द्वारा महज एक–दो दिन की औपचारिक गश्त कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। नतीजा यह है कि आज हालात और अधिक भयावह हो गए हैं और लोग अपने ही घरों के बाहर निकलने से डरने लगे हैं।
गांधी पार्क वार्ड के पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी द्वारा सूचना दिए जाने पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने तत्काल वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने क्षेत्र में निरंतर रात्रिकालीन गश्त, पुलिस के माध्यम से व्यापक मुनादी कराने और तेंदुए को पकड़ने के लिए तुरंत पिंजरा लगाए जाने की सख्त मांग उठाई।
प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार ने आश्वासन दिया है कि वन विभाग की टीमें जोशी खोला और थपलिया क्षेत्रों में रात के समय सक्रिय रहेंगी और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
इधर पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी और सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने संयुक्त रूप से प्रशासन को चेताया कि जनसुरक्षा के मामलों में अब खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की है कि रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या पुलिस को दें।

उत्तराखंड