राधिका ज्वेलर्स करोड़ों की चोरी का पर्दाफाश, अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर गिरफ्तार।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो हल्द्वानी।
मुखानी क्षेत्र स्थित राधिका ज्वेलर्स में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सोना-चांदी, घटना में प्रयुक्त वाहन सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 की रात से 21 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात चोरों ने ज्वेलरी शॉप में सेंध लगाकर करीब 20 से 25 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 300 से 400 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे। चोरी की कुल कीमत लगभग 22 लाख रुपये आंकी गई थी। इस संबंध में थाना मुखानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सटीक रणनीति से मिला सफलता का रास्ता
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल बॉर्डर तक लगातार दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बड़ी बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने—
54 ग्राम पीली धातु (सोना), अनुमानित कीमत ₹6.50 लाख
7.245 किलोग्राम सफेद धातु (चांदी), अनुमानित कीमत ₹15.50 लाख
घटना में प्रयुक्त वाहन UP31 AU 5867
बरामद किया है।
आपराधिक इतिहास की जांच जारी
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी विभिन्न राज्यों में चोरी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस अन्य आपराधिक मामलों में उनकी संलिप्तता की भी गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चोरी व अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
(निरीक्षक, उपनिरीक्षक, SOG, हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल सहित कुल 26 सदस्यीय टीम)
