अंकिता को न्याय दिलाने को जगी जनभावना।
हल्दूचौड़ में आज निकलेगा कैंडल मार्च, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज।
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्दूचौड़
बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच, दोषियों को कड़ी सजा और निष्पक्ष कार्यवाही की मांग को लेकर हल्दूचौड़ में जनभावना एक बार फिर मुखर हो उठी है। इसी क्रम में आज 9 जनवरी 2026 को शाम 5:00 बजे एक भव्य कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
यह कैंडल मार्च रेलवे क्रॉसिंग से शुरू होकर हल्दूचौड़ बाजार तक निकाला जाएगा। आयोजकों ने कहा है कि यह कार्यक्रम केवल विरोध नहीं बल्कि न्याय की आवाज उठाने का जनांदोलन है। मार्च में व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं समेत आम जनमानस से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है ताकि सरकार और प्रशासन तक जनता की संवेदना और मांग मजबूती से पहुँच सके।
आयोजक हेमवती नंदन दुर्गापाल ने कहा कि “उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय दिलाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। जब तक पीड़ित परिवार को संतुष्टि नहीं मिलती और दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलती, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह और भावुकता दोनों देखने को मिल रही है। लोग उम्मीद जता रहे हैं कि बुलंद होती यह आवाज सरकार को कठोर और निर्णायक कदम उठाने के लिए बाध्य करेगी।
