न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता बने उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश।
आज सेवानिवृत्त होंगे वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुहानाथन नरेंद्र।
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो
नैनीताल। राष्ट्रपति द्वारा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड उच्च न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 217(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है। न्यायमूर्ति गुप्ता का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगा।
यह नियुक्ति वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुहानाथन नरेंद्र की सेवानिवृत्ति के परिणामस्वरूप की गई है। न्यायमूर्ति नरेंद्र आज अपनी अधिवर्षिता पूरी करने के बाद पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता का जन्म 9 अक्टूबर 1964 को हुआ। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से वर्ष 1987 में एलएलबी की डिग्री प्राप्त की और उसी वर्ष अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत होकर कानूनी अभ्यास प्रारंभ किया। अपने पेशेवर दौर में उन्होंने मुख्य रूप से सिविल, संवैधानिक एवं किराया नियंत्रण से जुड़े जटिल मामलों पर काम किया तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपनी अलग पहचान स्थापित की।
उनके न्यायिक करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव तब आया जब 12 अप्रैल 2013 को उन्हें इलाहाबाद उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उत्कृष्ट कार्य के आधार पर 10 अप्रैल 2015 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। इसके अलावा उन्होंने 22 नवंबर 2023 से 4 फरवरी 2024 तक इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी सफलतापूर्वक दायित्व निभाया।
न्यायमूर्ति गुप्ता अपनी निष्पक्षता, मानवीय संवेदनाओं और प्रगतिशील न्यायिक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। विशेष रूप से जेल सुधार तथा कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में उनके निर्णयों और विचारों को बेहद सकारात्मक माना जाता है।
दर्पण न्यूज 24/7 से जुड़े रहें
