खबरें शेयर करें -

मानव–वन्यजीव संघर्ष पर सख्त हुआ वन विभाग, क्षेत्र की सुरक्षा के लिए दो शूटर तैनात—ग्रामीणों में बढ़ी उम्मीद।
दर्पण न्यूज 24/7
धानाचूली (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक के बढ़ौन वन क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मानव–वन्यजीव संघर्ष को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। स्थानीय जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभाग ने दो अनुभवी शिकारी (शूटर) तैनात कर दिए हैं, जो संभावित खतरनाक वन्यजीव गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगे और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगे।
प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल आकाश गंगवार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हरीश सिंह धामी, पुत्र स्व. शेर सिंह, निवासी ग्राम देवीधुरा, पोस्ट पटुवाडागर, जिला नैनीताल तथा विपिन चन्द्र, पुत्र श्री नारायण चन्द्र, निवासी नियर ब्लॉक कार्यालय, मल्लीताल, भीमताल को मानव–वन्यजीव संघर्ष की स्थिति में वन विभाग को सहयोग प्रदान करने हेतु नियुक्त किया गया है। दोनों शिकारी वन क्षेत्राधिकारी, बढ़ौन वन क्षेत्र, हैड़ाखान के निर्देशन में कार्य करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 30 दिसंबर 2025 को बढ़ौन वन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चमोली, तहसील धारी में वन्यजीव के हमले में रेखा देवी पत्नी पान सिंह की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ था, जिसके बाद से लगातार वन विभाग पर कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा था।
वन विभाग का कहना है कि तैनात शिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर खतरनाक वन्यजीवों की गतिविधियों की निगरानी करेंगे और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। विभाग ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें, अनावश्यक जंगल की ओर अकेले न जाएं और किसी भी संदिग्ध वन्यजीव गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
स्थानीय लोगों में इस निर्णय के बाद राहत और उम्मीद की भावना देखी जा रही है।

उत्तराखंड