








सुखवंत मामले की मजिस्ट्रेटी जांच में ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने दिए 50 सवालों के जवाब ,
मीडिया से बचने के लिए हटा दी गाड़ी की नेमप्लेट!
हल्द्वानी, दर्पण न्यूज 24/7: सुखवंत आत्महत्या मामले की मजिस्ट्रेटी जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के सामने ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने लंबा बयान दर्ज कराया। सूत्रों के अनुसार आयुक्त ने मणिकांत से पूछने के लिए 50 सवालों की लंबी सूची तैयार की थी।
एसएसपी मणिकांत दोपहर 3:04 बजे मंडलायुक्त के कैंप कार्यालय पहुंचे और बिना देर किए सीधे आयुक्त के कक्ष में दाखिल हुए। मीडिया की उपस्थिति देखकर चालक ने गाड़ी से नेमप्लेट हटा ली ताकि किसी को पता न चल सके कि कप्तान कार्यालय में हैं।
एसएसपी लगभग डेढ़ घंटे तक जांच अधिकारी के सवालों का जबाव देते रहे। इसके अलावा, सुखवंत सिंह के वीडियो में नाम लिए गए एक और व्यक्ति ने भी वकील के साथ आयुक्त कार्यालय पहुंचकर बयान दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि दिवंगत काश्तकार के भूमि विवाद में उन्होंने पंचायत कराई थी।
जांच अधिकारी वीडियो और ई-मेल के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली और सिस्टम में मौजूद भ्रष्ट तंत्र का भी खुलासा हो सके।
