








दिनदहाड़े चोरी का नैनीताल पुलिस ने 8 घंटे में किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। बद्रीपुरा क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के घर दिनदहाड़े हुई चोरी की सनसनीखेज घटना का नैनीताल पुलिस ने महज आठ घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी गया लोहे का बक्सा, नकदी, जेवरात और जमीन की रजिस्ट्री बरामद कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि 15 जनवरी 2026 को दया नेगी पत्नी स्व. जगत सिंह नेगी, निवासी बद्रीपुरा, हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि एक व्यक्ति ने किराये पर कमरा लेने के बहाने उनके घर में प्रवेश किया और मौका पाकर दो मंजिला मकान से लोहे का बक्सा चोरी कर लिया। बक्से में सोने-चांदी के जेवरात, लगभग 10 हजार रुपये नकद, साड़ियां तथा मकान की जमीन की रजिस्ट्री रखी हुई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने आरोपी को बरेली रोड स्थित मेडिकल कॉलेज गेट के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान वीरेंद्र सिंह बिष्ट पुत्र हरीश सिंह बिष्ट, निवासी खाड़ी सुनार, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा (उम्र 34 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8,000 रुपये नकद, चार चांदी की पायल, दो चांदी के सिक्के, दो चांदी के बिछुवे, एक सोने की बाली, एक मंगलसूत्र, जमीन की रजिस्ट्री और चोरी किया गया लोहे का बक्सा बरामद किया है। इस कार्रवाई को कोतवाली हल्द्वानी, हीरानगर चौकी एवं सीसीटीवी टीम के पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
एसएसपी ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि आगे भी अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
