खबरें शेयर करें -

सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल की भावपूर्ण पहल: रानीखेत कैंट में शहीद वीरांगनाओं को समर्पित किए चार आवास!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं।
देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों की वीरांगनाओं के सम्मान में सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल, लालकुआं ने एक सराहनीय सामाजिक पहल की है। कंपनी ने अपने सीएसआर फंड के अंतर्गत रानीखेत कैंट के बिरला ब्लॉक में चार आवासों का निर्माण कराया, जिन्हें विधिवत रूप से कुमाऊं रेजीमेंट को समर्पित किया गया।
आदित्य बिरला ग्रुप के प्रबंध निदेशक आर. के. डालमिया के निर्देशन में सेंचुरी द्वारा संचालित इस सामाजिक दायित्व योजना के तहत युद्ध विधवाओं के लिए यह आवासीय परियोजना साकार की गई। इन मकानों का उद्घाटन सेंचुरी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता तथा ब्रिगेडियर एस. के. यादव, कमांडेंट कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर ने संयुक्त रूप से किया।
यह पहल उन वीर सैनिकों के बलिदान को सम्मान देने की दिशा में एक सार्थक कदम मानी जा रही है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। सेंचुरी द्वारा निर्मित यह सुविधा युद्ध विधवाओं के जीवन को अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सुविधाजनक बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर सेंचुरी के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि कंपनी समाज, राष्ट्र और विशेष रूप से सशस्त्र बलों के परिवारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि सामाजिक दायित्व योजना के माध्यम से कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी परियोजनाओं पर निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में सेंचुरी के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा, अशोक हॉल गर्ल्स स्कूल मछखाली की उपप्रधानाचार्या कैप्टन उमा, रवि पाठक सहित कई सेना के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो।
शहीद वीरांगनाओं के लिए बने चार मकानों का लोकार्पण करते सेंचुरी के सीईओ अजय गुप्ता व सेना के अधिकारी।

उत्तराखंड