खबरें शेयर करें -

गणतंत्र दिवस पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो शराब तस्कर दबोचे!
हल्द्वानी में 181 पव्वे अवैध शराब बरामद, धारा 60 में मुकदमा दर्ज!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर आबकारी विभाग, हल्द्वानी ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान देशी और विदेशी शराब के कुल 181 पव्वे बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को ध्वजारोहण के पश्चात आबकारी विभाग द्वारा क्षेत्र में स्थित सभी आबकारी अनुज्ञापनों की पूर्ण बंदी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान रेलवे रोड, शमा होटल के निकट अभियुक्त कृष पुत्र पप्पू, निवासी टनकपुर रोड, वार्ड नंबर-4, राजपुरा को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उसके कब्जे से देशी व विदेशी शराब के 119 पव्वे बरामद किए गए।
इसी क्रम में रात्रि को मुखबिर की खास सूचना पर तिकोनिया क्षेत्र स्थित विदेशी मदिरा दुकान के पास एक अन्य व्यक्ति द्वारा अवैध शराब बेचने की सूचना मिली। मौके पर दबिश देकर अभियुक्त अमन आर्या पुत्र गणेश राम, निवासी हिम्मतपुर, मोटाहल्दू, अर्जुनपुर, लालकुआं को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो कट्टों में कुल 62 पव्वे देशी व विदेशी शराब बरामद की गई।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक हल्द्वानी धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, उप-आबकारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र जोशी, प्रधान आबकारी सिपाही चन्द्रशेखर काण्डपाल तथा आबकारी सिपाही राहुल सिंह भोज सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, और कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड