








हल्दूचौड़ के इस वृद्ध बेसहारा व्यक्ति ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार, मृत्यु उपरांत भूमि राज्य सरकार के नाम करने की करी मांग!
हल्दूचौड़। क्षेत्र के कृष्णानवाड़ निवाशी वृद्ध एवं बेसहारा व्यक्ति ने अपनी भूमि को मृत्यु के बाद राज्य सरकार के नाम किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी नैनीताल को प्रार्थना पत्र सौंपा है। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि उसके परिजनों द्वारा उसकी जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा करने और वसीयत में हेरफेर करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रार्थी पूरन चन्द्र पुत्र स्व. गोविंद बल्लभ निवासी कृष्णानवाड़ तहसील लालकुआं जनपद नैनीताल ने अपने पत्र में बताया कि उनके नाम कुल 0.0100 हेक्टेयर भूमि दर्ज है, जिसमें से वह पूर्व में 2 बीघा भूमि दान कर चुके हैं। शेष बची भूमि को वह अपने जीवनकाल में स्वयं उपयोग करना चाहते हैं, लेकिन अपनी मृत्यु के बाद उसे राज्य सरकार के नाम करने की इच्छा रखते हैं।
प्रार्थी का कहना है कि उनकी पुत्री के पति की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और वे उनके नाम की भूमि को अपने पक्ष में करवाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी आशंका के चलते उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि उनकी मृत्यु के बाद शेष बची भूमि को उत्तराखंड सरकार के नाम दर्ज किया जाए और किसी भी प्रकार के पारिवारिक विवाद या फर्जी वसीयत को निरस्त किया जाए।
प्रार्थी ने बताया कि इस संबंध में वह पूर्व में भी प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब पुनः अपनी सुरक्षा और भूमि संरक्षण के लिए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि उनकी इच्छा के अनुसार भूमि को उनके जीवनकाल के बाद राज्य सरकार के नाम सुरक्षित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो और भूमि का दुरुपयोग न किया जा सके।
