मुख्यमंत्री धामी आज हल्द्वानी दौरे पर, जमरानी बांध का करेंगे निरीक्षण!
प्रेस वार्ता व भगवान शिव कथा कार्यक्रम में होंगे शामिल!
दर्पण न्यूज 24/7हल्द्वानी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हल्द्वानी भ्रमण पर पहुंच रहे हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार तय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री 04 फरवरी को अपराह्न 12:00 बजे जीटीसी हेलीपैड, देहरादून से प्रस्थान कर 01:00 बजे एफटीआई हेलीपैड, हल्द्वानी पहुंचेंगे।
एफटीआई हेलीपैड से मुख्यमंत्री अपराह्न 01:20 बजे कार द्वारा होटल अमरदीप पहुंचेंगे, जहां वह मीडिया से संवाद करेंगे। प्रेस वार्ता के बाद मुख्यमंत्री 02:50 बजे होटल अमरदीप से प्रस्थान कर 03:00 बजे एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी पहुंचेंगे। यहां वह दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा आयोजित भगवान शिव कथा कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री जमरानी बांध परियोजना स्थल के लिए रवाना होंगे और अपराह्न 04:10 बजे निर्माणाधीन जमरानी बांध परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री अपराह्न 05:00 बजे जमरानी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा गोलापार हेलीपैड, काठगोदाम के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके पश्चात कार द्वारा सर्किट हाउस काठगोदाम पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
