खबरें शेयर करें -

होली से पहले मिलावट पर बड़ा वार! रामनगर में बाहरी खाद्य वाहनों पर सख्त चेकिंग, दूषित पनीर मौके पर नष्ट!
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी/रामनगर
आगामी होली पर्व के मद्देनज़र आम जनमानस को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद नैनीताल में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा उपायुक्त, कुमाऊं मंडल डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में रामनगर के हल्दुवा चौक पोस्ट पर उत्तर प्रदेश के स्वार, मुरादाबाद, रामपुर व गजरौला से आने वाले खाद्य आपूर्तिकर्ता वाहनों की पुलिस-प्रशासन के सहयोग से आकस्मिक जांच की गई।
अभियान के दौरान बाहरी क्षेत्रों से आए 36 से अधिक वाहनों का निरीक्षण किया गया। इनमें दूध एवं दुग्ध पदार्थ, खाद्यान्न, नमकीन, बिस्कुट और बेकरी उत्पादों का परिवहन पाया गया। संदेह के आधार पर कुल 7 नमूने जांच हेतु लिए गए—3 दूध, 2 पनीर, 1 ब्रेड, 1 नमकीन और 1 रस्क। सभी नमूने परीक्षण के लिए राजकीय विश्लेषणशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में मानक पर खरे न उतरने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत न्यायालय में कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्वार–मुरादाबाद क्षेत्र से एक मारुति वैन में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खुले रूप में लाया गया लगभग आधा कुंतल दूषित पनीर खाद्य मानकों पर खरा न उतरने पर जनहित में मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कराया गया। साथ ही तीन खाद्य कारोबारियों को अधिनियम के उल्लंघन पर नोटिस जारी कर सुधारात्मक निर्देश दिए गए। तय समय में अनुपालन न होने पर सख्त विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने सभी प्रतिष्ठान स्वामियों व विक्रेताओं को संदिग्ध खाद्य पदार्थों का विक्रय न करने के निर्देश दिए। बिना पंजीकरण/लाइसेंस खाद्य कारोबार या मानकों के विपरीत निर्माण, संग्रहण व वितरण पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी। खाद्य सामग्री के क्रय बिलों पर FSSAI लाइसेंस संख्या अंकित करना अनिवार्य बताया गया है। बाहरी प्रदेशों से केवल पंजीकृत/लाइसेंसधारी आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीद करने और दैनिक क्रय-विक्रय रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए गए।
आमजन से अपील की गई कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि/उपभोग तिथि तथा विक्रेता का लाइसेंस अवश्य देखें। घटिया, अस्वच्छ या अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री की सूचना टोल फ्री नंबर 18001804246 पर दें।
चेकिंग अभियान में सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खां सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।